सरकार के मानकों का पालन करने के दिए निर्देश, अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई

आपकी आवाज़ न्यूज़ | सरकाघाट | 06 अगस्तमंडी जिले के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) प्रियांशु खाती ने वीरवार को उपमंडल सरकाघाट के भांबला क्षेत्र में संचालित दो नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर, थाना प्रभारी बलद्वाड़ा तथा पुलिस दल भी मौजूद रहा।एडीसी ने रटोली स्थित ‘द रिकवरी विलेज’ तथा अपर भांबला स्थित ‘द विनर फाउंडेशन’ नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, उपचार प्रक्रिया, स्टाफ की उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र संचालकों से उपचार और पुनर्वास की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी भी ली।निरीक्षण के बाद एडीसी प्रियांशु खाती ने कहा कि नशामुक्ति केंद्रों का उद्देश्य केवल नशे की लत छुड़ाना नहीं, बल्कि मरीजों का मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक रूप से पुनर्वास करना भी है। उन्होंने सभी केंद्र संचालकों को सरकार द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी केंद्र में अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।एडीसी ने कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की नियमित निगरानी करता रहेगा, ताकि नशा पीड़ितों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, सुरक्षित वातावरण और बेहतर पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

