80 कनाल भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा, प्राकृतिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

हमीरपुर, 11 सितंबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शुक्रवार को हमीरपुर के निकटवर्ती गांव हरनेड़ में हिम कृषि योजना के तहत करीब 10.17 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से गांव की लगभग 80 कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।इस अवसर पर गांववासियों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किसानों की आय बढ़ाने तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं, मक्की, हल्दी और जौ के लिए अलग से उच्च मूल्य घोषित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ऐसी व्यवस्था करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हरनेड़ को प्राकृतिक खेती के लिए आदर्श गांव घोषित किया गया है। उन्होंने इसके लिए गांववासियों को बधाई दी और प्राकृतिक खेती को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।उन्होंने जिला हमीरपुर में स्वीकृत बड़ी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जोल सप्पड़ में बन रहे मेडिकल कॉलेज परिसर में अस्पताल के साथ मातृ-शिशु अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज और कैंसर केयर संस्थान सहित कई सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा हमीरपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा, हैलीपोर्ट सहित अन्य बड़ी परियोजनाएं भी मंजूर की गई हैं।उन्होंने गांववासियों से ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। साथ ही गांव के लिंक रोड एवं रास्तों की मरम्मत तथा पुराने कुएं के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीडी शर्मा, आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, कृषि विभाग एवं आतमा परियोजना के अधिकारी तथा अन्य किसान उपस्थित रहे।


