अगले वर्ष तक एचआरटीसी के बेड़े में 50% बसें होंगी इलेक्ट्रिक, यात्रियों को मिलेगा आरामदायक सफर : अजय वर्मा
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र को गुरुवार को पांच नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली। एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कांगड़ा बस स्टैंड से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों के साथ स्वयं इलेक्ट्रिक बस में यात्रा भी की।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी पारुल कटियार, डीएम पंकज चड्ढा, आरएम साहिल कपूर, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन वर्मा, जिला परिषद सदस्य इशांत चौधरी, नगर परिषद उपाध्यक्ष राजकुमारी, पार्षद, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय वर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तक एचआरटीसी के बेड़े की 50 प्रतिशत बसें इलेक्ट्रिक होंगी, जिससे सार्वजनिक परिवहन अधिक आधुनिक, किफायती और पर्यावरण अनुकूल बनेगा।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा में इलेक्ट्रिक बस डिपो की स्थापना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा शिमला से 300 इलेक्ट्रिक बसों को विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया था, जिनमें से पांच बसें अब कांगड़ा क्षेत्र के लोगों को समर्पित की गई हैं।
