पौंग डैम के जलस्तर पर लगातार निगरानी, समय पर अलर्ट जारी करने और राहत-बचाव संसाधन तैयार रखने के निर्देश

मानसून के दौरान संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विधायक मलेंद्र राजन ने बुधवार को राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।विधायक ने प्रशासन को बीबीएमबी अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने और पौंग डैम के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि डैम से पानी छोड़ा जाना हो तो इसकी सूचना समय रहते पंचायत प्रतिनिधियों और प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त भंडार बनाए रखने तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को जरूरत पड़ने पर आवश्यक खाद्यान्न और अन्य जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा।मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तरह गंभीर है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों को आपदा प्रबंधन किट उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे आपदा के समय प्रारंभिक राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।बैठक में एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, एनडीआरएफ कंपनी कमांडर धर्मेंद्र ठाकुर, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, बीडीओ सुदर्शन सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता संदीप सानिहाल, जल शक्ति विभाग के एसडीओ अश्विनी कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और आपदा मित्र उपस्थित रहे।
