उपायुक्त अपूर्व देवगन ने दिखाई हरी झंडी, 200 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा; खेलों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

मंडी, 22 जुलाई। प्रदेश सरकार की पहल पर जिला प्रशासन मंडी द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत नसलोह में शाड़नू मेले के अवसर पर ‘एंटी चिट्टा मिनी मैराथन’ का आयोजन किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।मैराथन में कुल 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 150 पुरुष और 50 महिलाएं शामिल रहीं। जिला प्रशासन ने इससे पहले पड्डल मैदान में एंटी चिट्टा सेवन ए साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया था और अब ग्रामीण स्तर पर इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए मिनी मैराथन आयोजित की गई।उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि “चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और उन्हें समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम में खिलाड़ियों और युवाओं ने अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशामुक्त रखने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।प्रतियोगिता के विजेता:अंडर-16 पुरुष: कार्तिक कत्याल (प्रथम), मोहित (द्वितीय), रोहित (तृतीय)अंडर-16 महिला: रविवा शर्मा (प्रथम), सिमरन (द्वितीय), जाह्नवी (तृतीय)16 वर्ष से अधिक पुरुष: जतिन (प्रथम), तिलक राज (द्वितीय), शशि ठाकुर (तृतीय)16 वर्ष से अधिक महिला: पलक (प्रथम), गीतांजलि (द्वितीय), सोनिया (तृतीय)कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत नसलोह और राष्ट्रीय धावक चमन लाल का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान मथरा देवी, उपप्रधान यादव लाल ठाकुर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

