
भरमौर, 14 अगस्त। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ग्राम पंचायत तुंदा के सरोठा पटेडू धार में आसमानी बिजली गिरने से गुर्जर समुदाय के करीब 20 दुधारू पशुओं की मौत हो गई। इस हादसे में चंबा के साहू क्षेत्र से संबंध रखने वाले याकूब, हनीफ, सुमन और यूसुफ के पशुधन को भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार गुर्जर समुदाय के लोग हर वर्ष गर्मियों के दौरान अपने पशुधन को लेकर पहाड़ी क्षेत्रों की ऊंची धारों में जाते हैं। इसी दौरान सरोठा पटेडू धार क्षेत्र में अचानक आसमानी बिजली गिरने से वहां मौजूद करीब 20 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्राम पंचायत तुंदा के प्रधान पुरुषोत्तम चंद ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी। वहीं, पशुपालन एवं राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पशुधन को हुए नुकसान का आकलन किया।
प्रभावित पशुपालकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित परिवारों को जल्द उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि पशुधन की मौत से हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।
