बैजनाथ, 1 अगस्त 2026।उपमंडलाधिकारी (ना.) बैजनाथ संकल्प गौतम की अध्यक्षता में शनिवार को नगर पंचायत बीड़ में सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत चौगान चौक से लेकर पैराग्लाइडिंग लैंडिंग साइट और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई की गई। इस दौरान प्लास्टिक, बोतलें, पॉलीथीन सहित अन्य ठोस अपशिष्ट मिलाकर करीब 500 किलोग्राम कचरा एकत्रित किया गया, जिसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया।स्वच्छता अभियान में उपमंडल प्रशासन, नगर पंचायत बीड़, वेस्ट वॉरियर्स की टीम, तिब्बती समुदाय, स्थानीय महिला मंडलों, वन विभाग के कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।एसडीएम संकल्प गौतम ने कहा कि बीड़-बिलिंग विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल होने के साथ-साथ हिमाचल का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक, व्यापारी, स्थानीय संस्थाओं और पर्यटकों की भी साझा जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाना पर्यावरण और पर्यटन दोनों के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की।एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके तथा गंदगी फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।



