गांव-गांव जाकर पंचायतों की समस्याएं सुनेंगे मंत्री यादविंद्र गोमा, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
जयसिंहपुर, 1 अगस्त।आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं गांव-गांव जाकर पंचायतों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तेज़ी से आगे बढ़ सके।शनिवार को बालकरुपी में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों के संवाद एवं समन्वय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री गोमा ने बालकरुपी, कुहण और लाहड़ू पंचायतों के विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि ग्रामीण विकास की सबसे अहम कड़ी हैं और उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।मंत्री गोमा ने कहा कि पंचायतों के विकास कार्यों को कभी भी राजनीति से नहीं जोड़ा जाएगा। उनका उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के सभी पंचायतों का समान विकास करना है। उन्होंने कहा कि पंचायतों के सामूहिक विकास कार्यों को पूरा करना उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जयसिंहपुर का विकास ग्रामीण क्षेत्रों को केंद्र में रखकर किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा।इस दौरान मंत्री ने क्षेत्र में चल रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पपरोला में न्यूगल खड्ड पर 8.30 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है। वहीं कुरु केलां से कोटलू सड़क पर 2.16 करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है, जिसका लगभग 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा आलमपुर में 38 लाख रुपये की लागत से प्रवेश द्वार तथा सकोह में 50 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है।स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए उन्होंने स्थानीय पीएचसी को जल्द सीएचसी में अपग्रेड करने की बात कही, जिससे लोगों को 24 घंटे उपचार की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही खैरा अस्पताल और जगरूपनगर अस्पताल में 50-50 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त निर्माण कार्य करवाने की भी घोषणा की।कार्यक्रम के दौरान मंत्री गोमा ने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वह नियमित रूप से पंचायतों का दौरा कर जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।इस अवसर पर एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर, बीडीओ लंबागांव सिकंदर कुमार, बीसीसी अध्यक्ष जसवंत डढवाल, कांग्रेस जोनल अध्यक्ष सिकंदर राणा, बीडीएसी उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, लाहड़ू पंचायत प्रधान सुनील कुमार, कुहण पंचायत प्रधान विश्वनाथ, बालकरुपी पंचायत प्रधान अजय कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
