हरोली (ऊना), 2 अगस्त।हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने एचआरटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन, ई-चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ तथा चार नई बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही हरोली–श्री चिंतपूर्णी बस सेवा शुरू करने की भी घोषणा की।हरोली बस अड्डा परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों में से 115 बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं। उन्होंने बताया कि हरोली स्थित प्रदेश के पहले ई-बस डिपो से 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि पूरे ऊना जिले में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा कि महज दो वर्षों में आधुनिक बस अड्डे के निर्माण के बाद हरोली को अब क्षेत्रीय कार्यालय और प्रदेश के पहले ई-बस डिपो की सौगात मिली है। इससे लंबे समय से संजोया गया क्षेत्रवासियों का सपना साकार हुआ है और हरोली प्रदेश में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
कांगड़ा में भी बनेगा ई-बस डिपो
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ठियोग, नाहन और नादौन में भी ई-बस डिपो स्थापित किए जा रहे हैं। एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा के आग्रह पर उन्होंने कांगड़ा में भी ई-बस डिपो स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सोमवार को ऊना से भी इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अब प्रदेश का पहला ई-बस डिपो हरोली में बन गया है। जिन्हें विकास से परहेज़ है, उन्हें हर अच्छे कार्य से परेशानी होती है।
अंब बस अड्डा एक वर्ष में होगा तैयार, चिंतपूर्णी मंदिर का होगा जीर्णोद्धार
चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अंब बस अड्डे का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं से इस धार्मिक परियोजना में सहयोग देने की भी अपील की।
बल्क ड्रग पार्क के लिए 1000 करोड़, ऊना में बनेगा आधुनिक सिटी सेंटर
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रदेश सरकार 1000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी। साथ ही ऊना के पुराने बस अड्डे को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा जिले में टायर रिट्रेडिंग प्लांट स्थापित करने की भी घोषणा की गई।
अंतिम सांस तक हरोली की सेवा करता रहूंगा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें किसी व्यक्तिगत उपलब्धि की इच्छा नहीं है और वे अंतिम सांस तक हरोली की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हरोली का हर नागरिक, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उनके लिए समान महत्व रखता है और क्षेत्र का समग्र विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विधायक और एचआरटीसी उपाध्यक्ष ने जताया आभार
चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने प्रदेश के पहले ई-बस डिपो और क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना को पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया तथा मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि प्रदेश के पहले ई-बस डिपो के शुरू होने से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कांगड़ा में ई-बस डिपो स्थापित करने की घोषणा के लिए उपमुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।इस अवसर पर डेरा बाबा सोमनाथ के महंत बाबा शिवनाथ, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, डीसी ऊना जतिन लाल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत, एचआरटीसी के मुख्य महाप्रबंधक पंकज सिंघल, महाप्रबंधक पवन महाजन, डीएम राजकुमार पाठक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

