आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही खर्च करें पीएमश्री योजना का बजट : डीसी गंधर्वा राठौड़
जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक वोकेशनल लैब का शुभारंभ भी किया।
बैठक में जिलाधीश ने बताया कि पीएमश्री योजना के तहत विद्यालय को चालू वित्त वर्ष में 33.92 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस राशि का उपयोग सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही किया जाए तथा खर्च में पूरी पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पिछले वित्त वर्ष में खर्च की गई राशि की रिपोर्ट तलब करते हुए पुराने ऑडिट पैरा और संबंधित कार्यों की समीक्षा के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यालय की चारदीवारी निर्माण, परिसर से बिजली ट्रांसफॉर्मर शिफ्ट करने और अन्य लंबित मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए जिलाधीश ने शिक्षकों अरविंद कुमार, अनिल कुमार, नरेंद्र कुमार और एकता सिंह को सम्मानित किया।
बैठक में प्रधानाचार्य एवं समिति के सदस्य सचिव संजय कुमार ने विद्यालय की गतिविधियों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह, स्कूल शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती, सीपीडब्ल्यूडी, परिवहन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं अभिभावक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
शुभारंभ के बाद जिलाधीश ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


