नगरोटा, 26 जुलाई। विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली के जन्मदिवस के अवसर पर नगरोटा महाविद्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय मेगा रोजगार मेला-2026 का सफल समापन हुआ। बाल मेला कमेटी एवं जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस रोजगार मेले में प्रदेशभर के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।जिला रोजगार अधिकारी एवं बाल मेला कमेटी के रोजगार समन्वयक अमित सूद ने बताया कि रोजगार मेले में 52 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। मेले में 1795 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों ने 786 युवाओं का चयन किया।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि बाल मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का अभियान है, जिसे हर वर्ष समाज के कल्याण के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाल मेला कमेटी हर वर्ष लोगों के हित में कुछ नया करने का प्रयास करती है और इसी सोच के तहत तीन वर्ष पहले मेगा रोजगार मेले की शुरुआत की गई थी। इस वर्ष इसका तीसरा सफल संस्करण आयोजित किया गया।आरएस बाली ने कहा कि कमेटी का प्रयास है कि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली हमेशा नगरोटा बगवां के विकास और यहां के लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते थे। क्षेत्र के विकास के लिए वे हर स्तर पर मजबूती से अपनी बात रखते थे।उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना आसान कार्य नहीं है और इसके लिए बाल मेला कमेटी पूरे वर्ष लगातार मेहनत करती है। उन्होंने मेले में चयनित सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनसे संबंधित कंपनियों में शीघ्र जॉइनिंग करने और अपने उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत करने का आह्वान किया।
