व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों, एसएमसी और शिक्षक संघों ने मुख्यमंत्री के फैसले का किया स्वागत

हमीरपुर, 22 जुलाई। जिला मुख्यालय स्थित पुराने गर्ल्स स्कूल को को-एजूकेशनल बनाकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के रूप में संचालित करने के निर्णय का शहरभर में स्वागत किया जा रहा है। बुधवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी), शिक्षक संघों और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हमेशा जनभावनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि पुराने गर्ल्स स्कूल को लेकर लिया गया निर्णय भी लोगों की मांग और क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हमीरपुर में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं रहनी चाहिए। इसी उद्देश्य से वह लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं का आकलन कर रहे हैं, ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री हमीरपुर के विकास के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर सहयोग देने वाले सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और आम नागरिकों का भी धन्यवाद किया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुमीत ठाकुर, राजेंद्र सोनी, व्यवसायी नंदा तथा पुराने गर्ल्स स्कूल की एसएमसी अध्यक्ष मंजू देवी ने भी अपने विचार रखे और मुख्यमंत्री व सुनील शर्मा बिट्टू के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, एचपीएमसी बोर्ड सदस्य राजेश ठाकुर, प्रधानाचार्य पूनम चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व पार्षद, व्यापार मंडल, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, एसएमसी और शिक्षक संघों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
