ऊना, 4 अगस्त।दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में जिला प्रशासन ऊना ने एक सराहनीय पहल करते हुए पुराने उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित दिव्यांगजनों द्वारा संचालित पहल कैंटीन में कार्यरत चार पात्र दिव्यांगजनों को फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) के प्रमाणपत्र प्रदान किए।जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त जतिन लाल ने तीन लाभार्थियों को 11-11 हजार रुपये तथा एक लाभार्थी को 5,100 रुपये की एफडी सौंपी।इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि एफडी के रूप में दी गई यह राशि भविष्य में चिकित्सा, शिक्षा या अन्य आवश्यक जरूरतों के समय लाभार्थियों के लिए आर्थिक संबल साबित होगी।उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सहायता उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने के अवसर देना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे प्रयास उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं।उपायुक्त ने पात्र दिव्यांगजनों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया और कहा कि जिला प्रशासन उनके हितों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।कार्यक्रम में दिव्यांगों हेतु नेशनल करियर सर्विस सेंटर, ऊना के सहायक निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

