ऊना, 4 अगस्त: हिमाचल प्रदेश स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊना में बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के इलेक्ट्रिसिटी विंग में तैनात कनिष्ठ अभियंता (JE) प्रवेश कुमार को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार ने विभाग के लिए भवन निर्माण से संबंधित कार्य पूरा किया था। आरोप है कि कार्य पूरा होने के बाद बिल पास करने के एवज में JE प्रवेश कुमार ने 8,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी JE को शिकायतकर्ता से 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
