कांगड़ा, 27 जुलाई।हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को विश्व प्रसिद्ध माता ब्रजेश्वरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए राज्य के निरंतर विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।मंदिर परिसर में पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में अमन, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए माता के चरणों में शीश नवाया।पूजा-अर्चना के बाद उप मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित पवन कुमार की चाय की दुकान पर भी पहुंचे। यहां उन्होंने पवन कुमार और उनके परिवार का हालचाल जाना तथा कुछ समय तक आत्मीय बातचीत की।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक धर्मपुर चंद्रशेखर, विधायक नालागढ़ हरदीप बाबा, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुरेंद्र काकू, पूर्व विधायक अजय महाजन, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एचआरटीसी निदेशक मंडल के सदस्य धर्मेंद्र धामी, एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजली गर्ग, एसई आईपीएच विशाल जम्वाल, एचआरटीसी डिवीजनल मैनेजर पंकज चड्ढा, तहसीलदार प्रकाश चंद तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंडित उमेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


