ज्वाली, 18 अगस्त। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने मंगलवार को शिव शंकर पैलेस, लब भनेई में ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया। इस दौरान वार्ड सदस्यों, उपप्रधानों, प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों पर विश्वास जताते हुए उन्हें जनसेवा की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से राजनीति से ऊपर उठकर ईमानदारी, निष्पक्षता और पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर विकास कार्यों को गति देना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।प्रो. चन्द्र कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों से अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसके खिलाफ प्रशासन और पुलिस के सहयोग से जनप्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।कृषि मंत्री ने खंड विकास अधिकारी को विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में उपलब्ध पुराने एवं बचे हुए धन की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले से उपलब्ध धन का उचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए और उसके बाद ही नए धन की मांग व स्वीकृति की दिशा में कदम बढ़ाए जाएं। उन्होंने पंचायत प्रधानों से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपनी शक्तियों एवं अधिकारों का सदुपयोग करने का भी आह्वान किया।उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और मजबूत पंचायत व्यवस्था से गांवों में विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने को कहा।इस अवसर पर कृषि मंत्री ने चयनित किसानों को स्प्रे पंप भी वितरित किए। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, बीडीओ मनोज शर्मा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष ऐवी पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह, अश्वनी चौधरी, सुरिंदर छिंदा सहित विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

