
बोले—मैदान कम, नाला ज्यादा नजर आ रहा है; विकास कार्यों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
आपकी आवाज न्यूज़ सुजानपुर, 9 अगस्त (राजन मेहता)। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व विधायक पर गाड्डी में निर्मित खेल मैदान को लेकर व्यंग्यात्मक निशाना साधा है। विधायक ने खेल मैदान की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उपयोगिता पर सवाल उठाए हैं।
कैप्टन रणजीत सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह से गाड्डी में खेल मैदान का निर्माण किया गया है, उसे देखकर यह समझना मुश्किल है कि यहां खेल मैदान बनाया गया है या नाले का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बनाए जाते हैं, लेकिन यदि निर्माण के बाद भी मैदान अपने मूल उद्देश्य के अनुरूप दिखाई नहीं देता तो इसकी गुणवत्ता और उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में केवल बजट खर्च करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता के पैसे का सही उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण और उपयोगी निर्माण सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता विकास कार्यों को अपनी आंखों से देख रही है और धरातल पर हुए कार्यों की तुलना भी कर रही है।
कैप्टन रणजीत सिंह ने पूर्व विधायक पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें दूसरों के विकास कार्यों पर टिप्पणी करने से पहले ग्राम पंचायत बैरी के खेल मैदान को भी देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार, पूर्व विधायक के कार्यकाल में बैरी के खेल मैदान पर भी धनराशि खर्च की गई थी, लेकिन उस समय मैदान की स्थिति ऐसी थी कि खिलाड़ियों को खेलने से पहले झाड़ियां तक खुद निकालनी पड़ती थीं।
उन्होंने कहा कि आज बैरी का वही खेल मैदान खेलने योग्य स्थिति में है और आने वाले समय में इसका और विस्तार किया जाएगा। विधायक ने कहा कि “पहले और आज के अंतर को खुद ही देख लें, जवाब अपने आप मिल जाएगा।”
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी करने से पहले धरातल पर हुए कार्यों की वास्तविक स्थिति देखना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें उपयोगी और टिकाऊ बनाने पर जोर दिया जा रहा है।


