वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत और जताया आभार

शाहपुर, 8 अगस्त। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के करेरी गांव के लोगों की वर्षों पुरानी बस सुविधा की मांग आखिरकार पूरी हो गई। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को करेरी में परिवहन विभाग की 28 सीटर बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस सेवा शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का भव्य स्वागत किया और उनका आभार जताया।इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से करेरी को बस सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी यह क्षेत्र बस सेवा से वंचित था, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सहयोग से करेरी में बस सेवा शुरू करना संभव हो पाया है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।पठानिया ने कहा कि करेरी में बस सेवा शुरू करवाना उनका सपना था, लेकिन क्षेत्र की जटिल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहले किए गए प्रयास सफल नहीं हो पाए थे। अब 28 सीटर बस सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ करेरी आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज उनका वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है।विधायक ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन नई इलेक्ट्रिक बसें भी शुरू की गई हैं, जिससे लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। आने वाले समय में क्षेत्र में बस सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।उन्होंने कहा कि नौरा में रेन शेल्टर तथा कम वोल्टेज की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। करेरी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। करेरी ट्रैक के विकास पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके प्रथम चरण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। जल्द ही इसका नींव पत्थर रखा जाएगा।उन्होंने बताया कि बरसात समाप्त होने के बाद घेरा-करेरी सड़क पर मेटलिंग का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बर्नेट-घेरा सड़क का कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।करेरी पंचायत की प्रधान सुषमा देवी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और आजादी के 79 वर्षों बाद गांव को बस सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विधायक का आभार जताया। उन्होंने पंचायत की विभिन्न समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा।पंचायत उपप्रधान करतार चंद ने कहा कि विधायक केवल सिंह पठानिया के प्रयासों से ही करेरीवासियों का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कई जनप्रतिनिधि यहां आए और चले गए, लेकिन बस सुविधा की मांग पूरी नहीं हो सकी थी।जिला परिषद सदस्य संदीप ने विधायक से आग्रह किया कि भरमौर की तर्ज पर करेरी क्षेत्र के लिए भी विशेष पैकेज का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाए।कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, डीएफओ अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, आरएम साहिल, एसीएफ दौलत राम, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, सहायक अभियंता विद्युत आशीष, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, प्रदीप बलौरिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, पूर्व प्रधान अजय बबली, अक्षय अत्री, पूर्व अधिशासी अभियंता सुभाष शर्मा तथा नायब तहसीलदार राजिंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे
