ऊना शहर के हमीरपुर रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के समीप पिछले करीब 15 दिनों से जाम पड़ा नाला स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। नाले की सफाई के लिए कुछ दिन पहले स्लैब हटाए गए थे, लेकिन सफाई कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण नाला खुला पड़ा है और गंदा पानी वहीं जमा हो गया है।जमे हुए गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध और फैली गंदगी के कारण आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और टैक्सी चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द नाले की सफाई पूरी कर स्लैब दोबारा लगाने और जल निकासी व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।

