करीब एक करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण, हिमाचली व्यंजनों से लेकर कॉन्टीनेंटल फूड तक का मिलेगा स्वाद

हमीरपुर, 01 अगस्त 2026:
हमीरपुर शहर के हीरानगर स्थित चिल्ड्रन पार्क में आने वाले लोगों के लिए जल्द ही एक नई सौगात मिलने जा रही है। जिला प्रशासन ने पार्क के बाहरी क्षेत्र को आधुनिक स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है, जिससे लोगों को परिवार और दोस्तों के साथ घूमने-फिरने के साथ स्वच्छ और स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेने के लिए बेहतरीन स्थान मिलेगा।
करीब एक करोड़ रुपये की लागत से वन विभाग के माध्यम से विकसित किए जाने वाले इस फूड हब में हिमाचली धाम, सिड्डू, मक्की की रोटी, सरसों का साग, परांठे सहित पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों के साथ डोसा, इडली, समोसा, टिक्की और विभिन्न कॉन्टीनेंटल फूड भी उपलब्ध होंगे। सभी फूड स्टॉल्स पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मानकों के अनुरूप स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन और वन विभाग इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक औपचारिकताओं को अंतिम रूप दे रहे हैं। फूड हब बनने से हीरानगर का चिल्ड्रन पार्क एक आदर्श पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित होगा, जहां पर्याप्त पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। साथ ही स्थानीय छोटे व्यापारियों को अपने व्यवसाय के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि लंबे समय से हमीरपुर में ऐसे स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ समय बिताने के साथ पसंदीदा व्यंजनों का आनंद भी ले सकें। इसी उद्देश्य से चिल्ड्रन पार्क के बाहरी क्षेत्र को स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी, बल्कि छोटे कारोबारियों को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी और हमीरपुर शहर की पहचान को भी नई दिशा देगी।

