रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह को सुरक्षित रूप से एक-दूसरे तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने विशेष पहल की है। देहरा डाक मंडल ने आम जनता की सुविधा के लिए विशेष राखी लिफाफों की व्यवस्था की है, ताकि दूर-दराज़ में रहने वाले अपने प्रियजनों को राखी सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से भेज सकें।अधीक्षक डाकघर, देहरा मंडल संजीव कुमार ने बताया कि इस वर्ष देहरा डाक मंडल को 12,000 विशेष राखी लिफाफे प्राप्त हुए हैं। इन लिफाफों को मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी डाकघरों में उपलब्ध करा दिया गया है।उन्होंने बताया कि ये विशेष राखी लिफाफे जलरोधक, मजबूत और टिकाऊ हैं, जिससे डाक परिवहन के दौरान राखी सुरक्षित रहती है और बिना किसी नुकसान के अपने गंतव्य तक पहुंचती है।डाक विभाग के अनुसार प्रत्येक विशेष राखी लिफाफे की कीमत मात्र 15 रुपये निर्धारित की गई है। यह सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती डाक सेवा के माध्यम से राखी भेजने का एक बेहतर विकल्प है।डाक विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाकघर से विशेष राखी लिफाफा खरीदकर अपने भाई-बहनों एवं अन्य प्रियजनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाओं के साथ राखी भेजें और इस पावन पर्व को यादगार बनाएं।डाक विभाग ने विश्वास दिलाया है कि वह इस रक्षाबंधन पर भी सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती डाक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि प्रेम और स्नेह का यह पवित्र बंधन देश के हर कोने तक सुरक्षित रूप से पहुंच सके।
