52 कंपनियां देंगी करीब 6000 युवाओं को रोजगार के अवसर, आरएस बाली बोले— युवाओं को रोजगार दिलाना ही विकास पुरुष जीएस बाली को सच्ची श्रद्धांजलि
नगरोटा, 25 जुलाई। विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित बाल मेला-2026 के दूसरे दिन राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां में भव्य मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और चंबा के विधायक नीरज नय्यर ने किया। इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रोजगार मेले में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवा रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए।
इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में युवाओं को रोजगार दिलाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने नगरोटा बगवां ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि जीएस बाली का सपना था कि प्रदेश का कोई भी युवा रोजगार के अवसरों से वंचित न रहे और उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए बाल मेला समिति पूरे वर्ष रोजगार मेलों का आयोजन करती है।
आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा बगवां के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बाल मेले के दौरान आयोजित होने वाला मेगा रोजगार मेला हजारों युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक बड़ा मंच बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेगा रोजगार मेले में 52 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया है, जो लगभग 6000 युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
उन्होंने कहा कि बाल मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं बल्कि समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ा जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने बाल मेला समिति के सभी सदस्यों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से हर वर्ष यह आयोजन और अधिक भव्य रूप ले रहा है।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और विधायक नीरज नय्यर ने रोजगार मेले का निरीक्षण किया तथा विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों पर जाकर अधिकारियों, रोजगार के लिए पहुंचे युवाओं और उनके अभिभावकों से बातचीत की। उन्होंने चयन प्रक्रिया की जानकारी ली और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में दोनों अतिथियों ने कहा कि बाल मेला नगरोटा बगवां की पहचान बन चुका है। यह आयोजन केवल एक मेला नहीं बल्कि विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली के प्रति लोगों के अटूट विश्वास, सम्मान और प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जीएस बाली ने नगरोटा बगवां और पूरे हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए जो कार्य किए, उन्हें प्रदेश की जनता हमेशा याद रखेगी। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की यह पहल उनके सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार तथा बाल मेला रोजगार समिति के समन्वयक अमित सूद ने बताया कि मेगा रोजगार मेले के प्रथम दिन 1137 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से साक्षात्कार के उपरांत 458 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। उन्होंने बताया कि मेले में भाग लेने वाली कंपनियां तकनीकी, औद्योगिक, सेवा, होटल, स्वास्थ्य, रिटेल और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय मेगा रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का एक प्रभावी मंच साबित हो रहा है और आने वाले समय में भी इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन जारी रहेगा। आयोजन के सफल संचालन में बाल मेला समिति, जिला रोजगार विभाग, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

