धर्मशाला, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में सहायक आयुक्त (उपायुक्त) विवेक चौहान के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा तथा देश की सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की शपथ ली। इस दौरान सभी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।इस अवसर पर विवेक चौहान ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय शौर्य का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त कर देश की सीमाओं की रक्षा की थी। यह ऐतिहासिक विजय पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है।उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता और उनका बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।विवेक चौहान ने कहा कि जिला कांगड़ा की वीर भूमि का देश की सशस्त्र सेनाओं में गौरवपूर्ण योगदान रहा है। यहां के हजारों युवा भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना तथा अर्द्धसैनिक बलों में सेवाएं देकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांगड़ा की यह वीर परंपरा आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करती रहेगी।
