हरोली में विभागीय कार्यशाला के दौरान की घोषणा, कर्मचारियों के हित में निर्णायक फैसलों और 2000 करोड़ की पेयजल गुणवत्ता सुधार योजना का किया ऐलान
ऊना, 25 जुलाई। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणा की है कि जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष लगभग 4000 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग को मजबूत बनाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में जल शक्ति विभाग, हमीरपुर जोन द्वारा आयोजित जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के संचालन, रखरखाव एवं जल गुणवत्ता निगरानी विषयक एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नव नियुक्त पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर, मल्टीपरपज वर्कर और वाटर गार्ड विभाग की रीढ़ हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार कर्मचारियों के हितों से जुड़े निर्णायक फैसले लेगी और इनका भविष्य सुरक्षित है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और आधुनिक जल शुद्धिकरण व्यवस्था विकसित करने के लिए करीब 2000 करोड़ रुपये की योजना लागू की जाएगी। इसके तहत आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण प्रणालियां स्थापित की जाएंगी, जिससे लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा और जलजनित बीमारियों में कमी आएगी।मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि कांगड़ा जिले की फिना सिंह सिंचाई परियोजना को पूरा करने के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग की कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।उपमुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त 36 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है और सरकार इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी।उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष से जल शक्ति विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विभाग के उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, विभाग के मुख्य अभियंता रोहित दुबे, हमीरपुर जोन के मुख्य अभियंता, अधीक्षण एवं अधिशाषी अभियंताओं सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


