नूरपुर, 10 अगस्त। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा फेस-1 से फेस-8 सर्वे के तहत चिह्नित बीपीएल परिवारों से सीधे संवाद के उद्देश्य से स्थानीय बचत भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अजय महाजन मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा, बीडीओ अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों से सीधे संवाद की यह पहल महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे उनकी वास्तविक समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी कि कोई पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्वे के तहत चिह्नित बीपीएल लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी वास्तविक स्थिति और आवश्यकताओं को समझना तथा पात्र लोगों के चयन में किसी प्रकार की कमी न रह जाने को सुनिश्चित करना है।
बीडीओ अशोक कुमार ने लाभार्थियों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों को दी। इस दौरान लाभार्थियों ने बारी-बारी से अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं रखीं। अधिकारियों ने मौके पर ही उन्हें आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में नूरपुर क्षेत्र की 29 पंचायतों के लगभग 900 चिह्नित बीपीएल लाभार्थियों से सीधा संवाद किया गया।

