मनाली, 26 जुलाई। कुल्लू जिले के मनाली क्षेत्र में ट्रैकिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया। 25 जुलाई को 10 ट्रैकर्स का एक दल शनाग एवं मझाच क्षेत्र की पहाड़ियों में ट्रैकिंग के लिए गया था। वापसी के दौरान दल के टीम लीडर धनंजय वर्मा (पुत्र राजेश वर्मा), निवासी उधमपुर, जम्मू मझाच नाले को पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।घटना की सूचना मिलते ही थाना मनाली की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सोलंगनाला में तैनात SDRF की टीम को भी खोज एवं बचाव अभियान के लिए बुलाया। देर रात NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस, SDRF और NDRF ने पूरी रात संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।रविवार सुबह वशिष्ठ के समीप व्यास नदी के किनारे धनंजय वर्मा का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान उनके भाई कनव वर्मा ने की। इसके बाद NDRF और SDRF की टीमों ने शव को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला।पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।के.डी. शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक (DySP), मनाली ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में नियमानुसार सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
