हमीरपुर, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने वीरवार को हमीरपुर के निकटवर्ती कोठी गांव का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग उठाई।सुनील शर्मा बिट्टू ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बरसात समाप्त होते ही सड़क की मरम्मत और उसे पक्का करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। इसी उद्देश्य से वे लगातार हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।प्रदेश सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीरपुर जिले में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त जिले का सबसे बड़ा बस अड्डा बनाया जा रहा है तथा वर्तमान बस अड्डे की जगह पर आधुनिक सिटी सेंटर विकसित किया जाएगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।इससे पूर्व कोठी गांव पहुंचने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आर.सी. डोगरा, पूर्व प्रधान निर्मला डोगरा, महिला मंडल प्रधान सुमना देवी, पंचायत सदस्य प्रीतम चंद, अशोक कुमार, योगेश कुमार, धर्म सिंह, ज्ञान चंद, सतपाल, सिमरो देवी, रक्षा देवी सहित अनेक ग्रामीणों ने सुनील शर्मा बिट्टू का गर्मजोशी से स्वागत किया।इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

