बादल फटने से प्रभावित गांवों का किया दौरा, 36 परिवारों को फौरी राहत राशि वितरित, अधिकारियों को विस्तृत सर्वे के निर्देश
शाहपुर, 23 जुलाई।शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विदेश (शिकागो) का अपना अंतरराष्ट्रीय दौरा बीच में ही छोड़कर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की धारकंडी स्थित बोह पंचायत के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। दुर्गम रास्तों से करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर वे सपेड़ा और घुड़घुं गांव पहुंचे तथा बादल फटने से प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जाना।उन्होंने प्रभावित परिवारों के घरों, कृषि भूमि, पशुधन और अन्य नुकसान का मौके पर निरीक्षण किया तथा सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित परिवार की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र प्रशासन को सौंपी जाए, ताकि उन्हें उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।इसके बाद विधायक केवल सिंह पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ठहराए गए परिवारों से मुलाकात कर भोजन, स्वास्थ्य, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को राहत शिविर में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवार स्वयं को अकेला न समझें। प्रदेश सरकार हर पीड़ित के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।विधायक ने 19 प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि के साथ आवश्यक घरेलू सामान की किट प्रदान की। इसके अलावा 17 अन्य परिवारों को 10-10 हजार रुपये की नकद सहायता भी वितरित की गई।केवल सिंह पठानिया ने बताया कि राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए 25 लाख रुपये प्रदान किए हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगले 24 घंटे के भीतर सभी प्रभावित परिवारों को कपड़े और दैनिक उपयोग का आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के पुनर्वास और सहायता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए भारतीय सेना के 40 जवान भी प्रभावित क्षेत्र में पहुंच चुके हैं और जिला प्रशासन के साथ मिलकर लगातार राहत अभियान चला रहे हैं।


