5 सितंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित, देशभर के 48 शिक्षकों में हुआ चयन
सुजानपुर-टिहरा, 21 अगस्त। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भलेठ की पूर्व प्रधानाचार्या एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री सीबीएसई, सुजानपुर टीहरा की वर्तमान प्रधानाचार्या श्रीमती मंजरी वी. महाजन को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं बहुमूल्य योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा।देशभर से चयनित 48 शिक्षकों को दिए जाने वाले इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए श्रीमती महाजन का चयन हुआ है। उन्हें 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा सम्मानित किया जाएगा।श्रीमती मंजरी वी. महाजन ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और विद्यालय नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भलेठ ने पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।वर्ष 2026 में विद्यालय को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन में उत्कृष्ट कार्य के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा Environment Leadership Award से सम्मानित किया गया। इससे पहले वर्ष 2025 में विद्यालय को पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए Waste Warrior Award भी प्राप्त हुआ था।वर्ष 2026 में NIEPA (National Institute of Educational Planning and Administration) द्वारा नवीन एवं अभिनव शैक्षिक प्रथाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने वाले देश के चयनित विद्यालय प्रमुखों में भी श्रीमती महाजन का चयन हुआ। उन्होंने NIEPA द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए विद्यालय की सतत विकास एवं अभिनव कार्यप्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया।उनके नेतृत्व में विद्यालय को Centre for Science and Environment (CSE) द्वारा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रथाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए लगातार दो बार Green School Status भी प्राप्त हुआ। विद्यालय में अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त परिसर, वर्मी कम्पोस्टिंग, जैविक एवं स्थानीय संसाधनों के उपयोग, पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण तथा विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के लिए कई अभिनव पहल की गईं।बालिका शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को भी जिला कार्यक्रम अधिकारी, हमीरपुर द्वारा ‘Visionary Leader in Girl Education’ सम्मान से सराहा गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय में बालिकाओं की शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समग्र विकास को निरंतर बढ़ावा दिया गया।श्रीमती महाजन का कार्य केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने शिक्षा और पर्यावरण से संबंधित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र भी प्रकाशित किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में नवाचार, समावेशी शिक्षा, पर्यावरणीय चेतना, सामुदायिक सहभागिता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समन्वय की उनकी कार्यप्रणाली को प्रेरणादायी माना गया है।राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए श्रीमती मंजरी वी. महाजन का चयन हिमाचल प्रदेश के लिए भी गौरव की बात है। यह सम्मान उनके व्यक्तिगत योगदान के साथ-साथ प्रदेश के ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षा, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को भी दर्शाता है।

