
उपमंडल सरकाघाट में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) सरकाघाट के प्रांगण में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को एसडीएम राजेन्द्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।बैठक में कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसडीएम ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।एसडीएम राजेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का पावन अवसर है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को भव्य, गरिमामय और यादगार बनाने का आह्वान किया।उन्होंने शिक्षा विभाग को परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों के परिजनों तथा शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।बैठक में तहसीलदार सरकाघाट मनीश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भूपेंद्र पाल, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग आशीष देव, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी राजकुमार, सीडीपीओ सरकाघाट जगदीश शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी पूनम शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव, अग्निशमन विभाग से जयपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

