सुजानपुर, राजन मेहता 30 जुलाई।राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर के भूगोल विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक आकर्षक पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से भूगोल विषय के विभिन्न आयामों और समसामयिक भौगोलिक विषयों को विद्यार्थियों के समक्ष रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।प्रदर्शनी का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. विभा ठाकुर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों का अवलोकन किया तथा उनसे संबंधित विषयों पर प्रश्न पूछकर उनकी जानकारी और समझ का मूल्यांकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विषय के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ रचनात्मक एवं विश्लेषणात्मक सोच के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव ठाकुर ने बताया कि पोस्टर प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भूगोल विषय के प्रति रुचि और जागरूकता विकसित करना तथा भौगोलिक अवधारणाओं, प्राकृतिक एवं मानव-निर्मित प्रक्रियाओं और समकालीन पर्यावरणीय चुनौतियों को सरल, आकर्षक एवं प्रभावशाली माध्यम से प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के ज्ञान, प्रस्तुतीकरण कौशल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होती हैं।प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने भूगोल के विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टर प्रस्तुत किए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

