
सराज, 30 जुलाई 2026।राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं, अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, “चिट्टा मुक्त हिमाचल-नशामुक्त हिमाचल” अभियान तथा सरकार की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्हणी के गांव सराची और ग्राम पंचायत थाणा के गांव कांढीकल्वाड़ा में विशेष प्रचार अभियान आयोजित किया गया।इस दौरान सरस्वती कला संगम, बगशाड़ (करसोग) के लोक कलाकारों ने गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अन्य पात्र वर्गों के लिए संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग, विधवा एवं एकल महिलाओं को प्रशिक्षण स्टाइपेंड तथा प्लेसमेंट स्टाइपेंड का लाभ प्रदान किया जाता है।लोक कलाकारों ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी स्टार्टअप योजना सहित प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।नुक्कड़ नाटकों और प्रेरक गीतों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने तथा “चिट्टा मुक्त हिमाचल-नशामुक्त हिमाचल” अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संदेश भी दिया गया। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत कल्हणी की प्रधान दारूमती देवी, उपप्रधान लोटा राम, वार्ड सदस्य, महिला मंडल की सदस्याएं एवं सराची गांव के ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं सरस्वती कला संगम, बगशाड़ के प्रभारी कुमार सिंह अत्रि सहित चेत राम कालसी, ठाकुर सैन, हरी सिंह, पंकज कुमार, शुभम, गीता वर्मा, कान्ता और शीला ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

