शिमला।मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को नगर निगम शिमला के ‘ग्रीन शिमला, अवर शिमला’ अभियान के तहत अपने आधिकारिक आवास ‘ओक ओवर’ परिसर में पौधा लगाकर सप्ताह भर चलने वाले पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ाना और पौधों का संरक्षण करना स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए अत्यंत आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस जनभागीदारी अभियान से जुड़कर हिमाचल को और अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

