वीरभद्र सिंह फाउंडेशन से 16 प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत, बोह सड़क के लिए ₹1 करोड़ जारी करने के निर्देश
आपकी आवाज़ न्यूज़ | धर्मशाला | 27 जुलाईहिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की बोह पंचायत का दौरा कर हाल ही में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों का कुशलक्षेम जाना, उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।दौरे के दौरान मंत्री ने राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की ओर से आपदा प्रभावित 16 परिवारों को आर्थिक राहत सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों का मनोबल बनाए रखना और उन्हें हरसंभव सहयोग देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राहत एवं पुनर्वास कार्यों को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ आगे बढ़ा रही है तथा किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।विक्रमादित्य सिंह ने बोह सड़क के सुधार एवं निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ₹1 करोड़ जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को शीघ्र बहाल करना सरकार की प्राथमिकता है ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र परिवारों तक सरकारी सहायता समयबद्ध तरीके से पहुंचे और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या कमी न रहने दी जाए।इससे पूर्व लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में चम्बी खड्ड पर क्षतिग्रस्त पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति और प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को पुल के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य किया जाए।इस अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित प्रत्येक परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और राहत, पुनर्वास तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की भी अपील की।


