शाहपुर, 22 जुलाई।शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी इलाके के बोह, रौन, सपेड़ा और घड़घू में मूसलाधार बारिश से आई प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। भूस्खलन और मलबे की चपेट में आने से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि अनेक परिवार बेघर हो गए हैं।उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का भी आश्वासन दिया है।विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावित परिवारों का हालचाल जानकर उन्हें भरोसा दिलाया कि कोई भी परिवार स्वयं को अकेला न समझे।उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ हुई विस्तृत चर्चा में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, अस्थायी आवास और आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है।उन्होंने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शाहपुर, धारकंडी कांग्रेस कमेटी तथा बोह, रुलेहड़, रिडकमार, दरिणी, भेलड़ और सल्ली-कनोल पंचायतों की कांग्रेस इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता राहत कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।इस बीच प्रदेश के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी तथा प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रखने के निर्देश दिए।विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में पूरा प्रशासन, प्रदेश सरकार और कांग्रेस परिवार प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार का सुरक्षित पुनर्वास नहीं हो जाता, तब तक राहत एवं सहायता कार्य लगातार जारी रहेंगे।

