नगरोटा, 22 जुलाई।विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली बाल मेला 2026 के तहत मेगा रोजगार मेले के चौथे संस्करण का आयोजन 25 और 26 जुलाई को राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां में किया जाएगा। इस दो दिवसीय रोजगार मेले में करीब 30 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी और लगभग 3,500 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार और मेले के कोऑर्डिनेटर अमित सूद ने बताया कि अब तक 27 कंपनियां पंजीकरण करवा चुकी हैं, जबकि अन्य कंपनियों के शामिल होने की प्रक्रिया जारी है। चयनित अभ्यर्थियों को 14 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा।उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक (बीए) एवं विभिन्न डिग्री धारक युवा साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और कंपनियों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने के लिए स्वयं प्रयासरत रहते हैं।रोजगार मेले में SIS इंडिया लिमिटेड, ईवान सिक्योरिटी फंक्शंस, टीवीएस, रिलायंस जियो, आईटीसी, वर्धमान, जेके मोटर्स, पी एंड जी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन, हैवेल्स, क्लब महिंद्रा सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी।आयोजकों ने प्रदेश के युवाओं से अपील की है कि वे 25 और 26 जुलाई को राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां पहुंचकर मेगा रोजगार मेले में भाग लें और रोजगार के सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।

