एनआरएलएम के अंतर्गत संचालित ‘हिम ईरा’ फूड वैन का भी किया निरीक्षण, महिलाओं के प्रयासों की सराहना
सुजानपुर, 22 जुलाई। जिला हमीरपुर के उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को विकास खंड सुजानपुर की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत चबूतरा, बनाल, बढ़ेई, दाड़ला और धमड़ियाना में सड़क, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को मनरेगा, 15वें वित्त आयोग तथा अन्य सरकारी योजनाओं के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें।उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित ‘हिम ईरा’ फूड वैन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने फूड बैंक में उपलब्ध खाद्य सामग्री के स्टॉक, रखरखाव, वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अभिलेखों की विस्तार से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एनआरएलएम के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर समाज सेवा का भी सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने फूड बैंक में स्थानीय उत्पादों को अधिक प्राथमिकता देने और उपलब्ध उत्पादों की विविधता बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि स्थानीय किसानों और महिला समूहों को अधिक लाभ मिल सके।उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की नियमित निगरानी कर रहा है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।इस अवसर पर सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी तानिया कश्यप, कनिष्ठ अभियंता सुनील कुमार, तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


