बिलासपुर पुलिस ने तोड़ा अंतर्राज्यीय चिट्टा नेटवर्क, पंजाब से मुख्य आरोपी दबोचा

बिलासपुर, 30 जुलाई 2026।
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 27.60 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) मामले में अंतर्राज्यीय सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद पंजाब के अमृतसर निवासी मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चिट्टा, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को थाना स्वारघाट क्षेत्र में एसडीटी टीम ने नाकाबंदी के दौरान 27.60 ग्राम चिट्टा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ, डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और तकनीकी जांच के आधार पर चिट्टे की सप्लाई चेन का खुलासा करते हुए मुख्य सप्लायर विजय कुमार निवासी सुल्तानविंड, अमृतसर (पंजाब) की पहचान की।
29 जुलाई 2026 को बिलासपुर पुलिस की टीम ने अमृतसर के सुल्तानविंड क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12.46 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), एक अवैध पिस्टल तथा सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश और पंजाब में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से हिमाचल प्रदेश में सक्रिय चिट्टा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
बिलासपुर पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस केवल स्थानीय स्तर पर गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने और उसके मुख्य सप्लायरों तक पहुंचकर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
