हमीरपुर, 31 जुलाई।मिनजर मेले में भाग लेने के लिए चंबा रवाना होते समय हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का हमीरपुर स्थित सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जिला प्रशासन ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और चंबा के ऐतिहासिक मिनजर मेले के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।स्वागत कार्यक्रम में कांग्रेस के महासचिव बलविंदर सिंह बबलू, एडवोकेट रोहित शर्मा, रितेश चौहान, अंशुल, पंकज सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उपायुक्त (डीसी) सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उपमुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत किया।

इस अवसर पर हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (HMOA) के अध्यक्ष एवं संयुक्त कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरिंदर सिंह डोगरा ने उपमुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर जन आरोग्य समिति (JAS) से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
डॉ. डोगरा ने सुझाव दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) एवं अस्पताल स्तर की जन आरोग्य समिति में मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज को चेयरपर्सन बनाया जाए, क्योंकि पंचायत प्रधान पहले से ही उप-स्वास्थ्य केंद्र स्तर की JAS के चेयरपर्सन हैं। उन्होंने कहा कि इससे अस्पतालों के संचालन में जवाबदेही बढ़ेगी, प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा तथा आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने डॉ. डोगरा द्वारा रखे गए सुझाव को गंभीरता से सुना और इस विषय पर सकारात्मक विचार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।



