हमीरपुर, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को हमीरपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा पार्क एवं निर्माणाधीन युद्ध स्मारक परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू मुख्य अतिथि तथा उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कारगिल युद्ध के शहीदों, युद्ध में भाग लेने वाले वीर सैनिकों, अन्य सैन्य अभियानों के शहीदों, भूतपूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश के इन वीर सपूतों की शौर्यगाथाएं सदैव अमर रहेंगी और प्रत्येक भारतवासी उनके बलिदान का ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहीदों के परिजनों, भूतपूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में शहीद हुए जिला हमीरपुर के आठ वीर सैनिकों—हवलदार कश्मीर सिंह, हवलदार राजकुमार, सिपाही दिनेश कुमार, राइफलमैन दीप चंद, हवलदार स्वामी दास चंदेल, राइफलमैन प्रवीण कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार तथा सिपाही राकेश कुमार—के परिजनों को सम्मानित किया गया।सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा ने सभी अतिथियों, शहीदों के परिजनों एवं भूतपूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए कारगिल युद्ध के इतिहास और वीरता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को शहीदों के सम्मान की शपथ भी दिलाई। कारगिल युद्ध में घायल हुए भूतपूर्व सैनिक मेहर सिंह ने अपने अनुभव साझा किए, जबकि डिग्री कॉलेज हमीरपुर के विद्यार्थियों जतिन कुमार, ऐपशिता और अंशिता ने कारगिल विजय पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि, उपायुक्त, एसपी बलवीर सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, एडीसी अभिषेक गर्ग, नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा, स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा, एसडीएम संजीत सिंह, होमगार्ड्स कमांडेंट विनय कुमार, कांग्रेस नेता राजेश आनंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। पुलिस गार्द ने भी सशस्त्र बलों की परंपरा के अनुरूप शहीदों को सलामी देकर श्रद्धांजलि दी।



