किन्नौर, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के रेड अलर्ट से पहले ही भारी बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। किन्नौर जिले के सांगला–छितकुल क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ और मलबे के कारण ITBP कैंप के पास सड़क बुरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे भारत के आखिरी गाँव छितकुल का संपर्क अस्थायी रूप से टूट गया है।भारी जलप्रवाह और भूस्खलन के चलते आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। सूचना मिलते ही प्रशासन, ITBP और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं सड़क बहाली के कार्य में जुट गई हैं।प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के पास न जाने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके मद्देनज़र लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

