आपकी आवाज न्यूज़। डोला सिंह महंत : देश की अग्रणी भुट्टिको बुनकर सहकारी सभा के मुख्य कार्यालय स्थित सभागार में बुनकर सेवा केंद्र, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से 12वां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों बुनकरों ने भाग लिया।इस अवसर पर पूर्व बागवानी मंत्री एवं भुट्टिको बुनकर सहकारी सभा के अध्यक्ष ठाकुर सत्य प्रकाश ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश व प्रदेशवासियों तथा बुनकर समुदाय को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।ठाकुर सत्य प्रकाश ने कहा कि हिमबुनकर सेवा केंद्र शमशी, वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार और राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम द्वारा बुनकरों के हित में संचालित की जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं से बुनकरों को काफी लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भुट्टिको द्वारा भी अपने बुनकरों को छुट्टियों, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि और ईएसआईसी जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि भुट्टिको की मजबूत नींव कर्मयोगी स्वर्गीय वेदराम ठाकुर ने रखी थी, जिसके कारण आज संस्था निरंतर प्रगति कर रही है। भुट्टिको बुनकर सहकारी सभा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है, जिससे इसकी अलग पहचान बनी है।ठाकुर सत्य प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, विकास आयुक्त हथकरघा, भारत सरकार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, पंजीयक सहकारी सभाएं तथा सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं कुल्लू का बुनकरों के लिए दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार जताया।उन्होंने कहा कि हथकरघा हिमाचल की संस्कृति और विशिष्ट पहचान का प्रतीक है। बुनकरों की मेहनत से तैयार टोपी, मफलर, पट्टू, शॉल, स्टोल, जैकेट सहित अन्य उत्पाद देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने बुनकरों से अपनी पारंपरिक कला को जीवित रखने और इसे आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा बुनकरों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जाना चाहिए। बुनकरों ने अपनी कला के माध्यम से हजारों परिवारों को रोजगार देने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश का नाम भी रोशन किया है। भुट्टिको बुनकर सहकारी सभा भविष्य में भी बुनकरों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।कार्यक्रम में भुट्टिको के उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, मोहर सिंह, निदेशक मंडल के सदस्य मदन लाल, आत्मा राम, इंद्रा देवी, सोहन सिंह, जोगध्यान, मुख्य महाप्रबंधक सुरती देवी, मुख्य सलाहकार रमेश ठाकुर, महाप्रबंधक किशन चंद, दिनेश ठाकुर, अनुज ठाकुर, कविता ठाकुर, ओम प्रकाश, मनीराम, जयदेव, लेखराज, सुनील कुमार, गौरव, बहादुर सिंह, महेंद्र सिंह सहित सैकड़ों बुनकर उपस्थित रहे।
