कुल्लू, 8 अगस्त। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्लू पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 23.690 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं।पहली कार्रवाई में 7 अगस्त 2026 को पुलिस थाना मनाली की टीम ने विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर मॉडल टाउन, मनाली स्थित एक निजी होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान फतेहगढ़ साहिब, पंजाब निवासी 26 वर्षीय और 45 वर्षीय दो व्यक्तियों के कब्जे से 20.420 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस थाना मनाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21 व 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।वहीं, एक अन्य कार्रवाई में पुलिस थाना कुल्लू की टीम ने अपर बदाह–पाहनाला सड़क पर एक 33 वर्षीय व्यक्ति, निवासी गांव जिया, डाकघर एवं तहसील भुंतर, जिला कुल्लू, के कब्जे से 3.270 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। इस मामले में पुलिस थाना कुल्लू में धारा 21 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस दोनों मामलों में नशीले पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चैन तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।कुल्लू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें और मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी
