
धर्मशाला, 1 अगस्त।
शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो धर्मशाला स्थित डल लेक में शीघ्र ही आरती शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि डल लेक का धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व है तथा यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
शनिवार को सतोबरी में उनकी अध्यक्षता में भतल्ला और कजलोट पंचायतों से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
बैठक में भतल्ला एवं तोतारानी में भूस्खलन, गतड़ी सड़क पर विद्युत तारों और पेड़ों से जुड़ी समस्याएं, डल–गद्दी बस्ती संपर्क मार्ग, तोतारानी में एम्बुलेंस सड़क निर्माण, पंचायत घर निर्माण, चांदमारी में भूस्खलन से हुए नुकसान, बर्नेट में श्मशान घाट निर्माण तथा डेंजर जोन में आए मकानों की सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि दियाड़ा क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क की मांग को पूरा करते हुए लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में भी सुधार किया गया है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों से सामाजिक सहभागिता के साथ सक्रिय भूमिका निभाने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, बीडीओ धर्मशाला अभिनीत कात्यान, डीएम फॉरेस्ट कॉरपोरेशन अमरीश शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति सुमित, तहसीलदार राहुल शर्मा, एसीएफ दौलत, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, भतल्ला पंचायत की प्रधान कमला देवी, कजलोट पंचायत की प्रधान सपना, उपप्रधान करनैल, वार्ड सदस्य शिव कुमार, गायत्री, बिनता देवी, सुमना देवी, रोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

