ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण से कामगार कल्याण बोर्ड की 14 कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा आसान लाभ
भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने प्रदेश के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे अपनी ई-केवाईसी जल्द से जल्द पूर्ण करवाने के साथ-साथ केंद्रीय श्रम मंत्रालय के ई-श्रम पोर्टल पर भी ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।वीरवार को सावन माह के अवसर पर बोर्ड मुख्यालय परिसर में शिवलिंग की स्थापना एवं प्रतिष्ठा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड पात्र एवं जरूरतमंद श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में पंजीकृत श्रमिकों की वेरिफिकेशन और ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि सभी पंजीकृत श्रमिक अपने आधार कार्ड और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर निःशुल्क ई-केवाईसी करवा सकते हैं। इसके अलावा श्रमिक स्वयं या नजदीकी लोक मित्र केंद्र के माध्यम से ई-श्रम पोर्टल पर भी अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों के श्रम कल्याण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे श्रमिकों को ई-केवाईसी और ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

