17 वर्षीय शुभम को गंभीर हालत में बचाया गया, 19 वर्षीय सक्षम की तलाश दूसरे दिन भी जारी
आपकी आवाज़ न्यूज़ ब्यूरो | चंबा | 27 जुलाईचंबा–साहू मार्ग पर साल नदी में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक लापता हो गया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में सुरक्षित बचा लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, NDRF, फायर विभाग और हिमाचल प्रदेश होमगार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।जानकारी के अनुसार, सारू निवासी 17 वर्षीय शुभम और 19 वर्षीय सक्षम बाइक पर सवार होकर अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले से वापस लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे साल नदी के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई से नीचे नदी में जा गिरी।हादसे के बाद शुभम को गंभीर अवस्था में नदी किनारे से सुरक्षित निकालकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं सक्षम तेज बहाव में लापता हो गया, जिसकी तलाश सोमवार को भी लगातार जारी रही।चंबा पुलिस, NDRF, फायर विभाग और होमगार्ड की संयुक्त टीमें नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। हालांकि देर शाम तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि नदी के तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल पूरी मुस्तैदी से अभियान में जुटे हुए हैं।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग और प्रशासन लापता युवक के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।

