चंबा, 25 जुलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग-154A (चंबा–भरमौर) पर चल रहे रखरखाव एवं सुरक्षा कार्यों का जायजा लेने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) मुख्यालय, नई दिल्ली की उच्चस्तरीय टीम ने शुक्रवार को मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सड़क की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा जारी कार्यों की समीक्षा की।निरीक्षण दल में एनएचएआई मुख्यालय के सदस्य (परियोजनाएं) श्री विपनेश शर्मा, क्षेत्रीय अधिकारी (शिमला) कर्नल अजय बरगोती (सेवानिवृत्त), प्रोजेक्ट डायरेक्टर राहुल, डिप्टी मैनेजर यशवंत, साइट इंजीनियर साहिल ठाकुर तथा परीक्षित और वरुण शामिल रहे।इस दौरान अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े अभियंताओं से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और सड़क को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए किए जा रहे रखरखाव एवं सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। टीम ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।


