धर्मशाला, 5 सितंबर। डल झील मेले का शुभारंभ 16 सितंबर को भव्य महाआरती के साथ किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को लघु सचिवालय धर्मशाला के कैबिनेट हॉल में जिला अधिकारियों के साथ बैठक की।बैठक में मेले के सफल आयोजन, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।केवल सिंह पठानिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां 15 सितंबर तक पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि डल झील मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं पुख्ता की जाएं।उन्होंने कानून एवं व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।पठानिया ने कहा कि वर्षों से डल झील स्नान को मणिमहेश स्नान के तुल्य माना जाता है। ऐसे में मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए स्नान की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिलाओं की निजता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष टेंट लगाने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने आयोजन स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी इंतजाम करने पर भी जोर दिया।बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं, सड़क व पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य प्रबंधों की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी देते हुए निर्धारित कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।बैठक का संचालन एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह, साथ लगती पंचायतों के जनप्रतिनिधि, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
