मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कमांद क्षेत्र में क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर निवेशकों से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में करीब 22 लोगों के निवेश संबंधी विवरण सामने आए हैं, जबकि उपलब्ध शिकायतों और दस्तावेजों के आधार पर कथित ठगी की रकम चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।पुलिस जांच के अनुसार, वर्ष 2025 में कमांद में कंपनी शुरू कर लोगों को 60 से 70 दिनों में रकम दोगुनी करने और कुछ ही समय में 100 प्रतिशत तक मुनाफा देने का दावा किया जाता था। शुरुआत में निवेशकों के खातों में बढ़ी हुई रकम दिखाई जाती थी, जिससे उन्हें निवेश योजना पर भरोसा हो जाता था। इसके बाद कई निवेशक खुद अधिक पैसा लगाने के साथ अपने परिचितों को भी निवेश के लिए प्रेरित करने लगे।जांच में सामने आया है कि पर्याप्त रकम जमा होने के बाद वेबसाइट का सर्वर डाउन होने की बात कही जाती थी। इसके बाद निवेशकों को कथित तौर पर न तो मूल रकम वापस मिलती थी और न ही मुनाफे की रकम। पुलिस अब निवेश से जुड़े बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी की जांच कर रही है।मामले में कमांद में सिराफिना नाम से कंपनी चलाने वाले महाराष्ट्र निवासी अनिल गौरव धोते पर निवेशकों से क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर रकम लेने और वापस न करने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।एक शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने अलग-अलग तारीखों में संबंधित बैंक खातों में 31.05 लाख रुपये ऑनलाइन जमा किए और करीब चार लाख रुपये नकद दिए। शिकायत के आधार पर पधर पुलिस ने जनवरी 2026 में प्राथमिकी दर्ज की थी।पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। एसपी विनोद कुमार ने भी मामले में नियमानुसार जांच जारी होने की जानकारी दी है।
