
शाहपुर, 19 अगस्त। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी स्थित रिड़कमार में मंगलवार को वन विभाग की ओर से 77वें वन महोत्सव एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और देवदार का पौधा रोपकर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में वन महोत्सव की शुरुआत की।इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वन मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और अधिक से अधिक पेड़ लगाकर प्रदेश को हराभरा एवं पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित बनाया जा सकता है।उन्होंने बताया कि धर्मशाला वन मंडल के तहत इस वर्ष 110 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।कार्यक्रम के दौरान पठानिया ने रूलेड की सुनीता देवी को विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत 1.23 लाख रुपये की एफडी भी भेंट की।कंजर्वेटर फॉरेस्ट बासु कौशल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सुखद पहल है।डीएफओ अमित शर्मा ने मुख्यातिथि एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद किया तथा वन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दरीणी के अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने भी पौधारोपण किया। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
